रविवार, 17 मार्च 2013

कभी भी हो सकते हैं लोकसभा के मध्यावधि चुनाव : रामबिलास



यमुनानगर के कैनाल रेस्ट हाउस में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामबिलास शर्मा। -हप्र
यमुनानगर, 16 मार्च (हप्र)। लोकसभा के मध्यावधि चुनाव कभी भी हो सकते हैं, जिसके लिए राज्य में भाजपा-हजकां गठबंधन पूरी तरह तैयार है। यह कहना है प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रामबिलास शर्मा का, जो कैनाल रेस्ट हाऊस यमुनानगर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा-हजकां का गठबंधन अटूट है और इसके टूटने संबंधी झूठी अफवाहें विपक्षी दलों द्वारा फैलाई जा रही हैं। विपक्षी दल गठबंधन की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर ऐसी बयानबाजी कर रहे हैं। यूपीए सरकार को इटली इंडिया कंपनी की संज्ञा देते हुए श्री शर्मा ने कहा कि देश में जो भी घोटाले हो रहे हैं सभी के संबंध इटली के साथ हैं। अब तो सुप्रीम कोर्ट ने भी इटली के राजदूत को भारत छोडऩे पर रोक लगा दी है।
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के साथ साथ इटली भी भारत का दुश्मन है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान द्वारा बार-बार भारत का अपमान किया जा रहा है लेकिन यूपीए सरकार हाथ पर हाथ धरे बैठी है। कभी पाकिस्तान सरकार द्वारा भारतीय शहीदों के सिर काट दिये जाते हैं और कभी सैनिकों की टुकड़ी पर हमला कर दिया जाता है। वर्तमान सरकार इसका मुंह तोड़ जवाब देने की बजाय पाकिस्तान प्रधानमंत्री का भोज कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की यह कार्रवाई शहीदों का अपमान है।
एक प्रश्र के उत्तर में श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश कार्यकारिणी में सभी वर्गों को पूरा सम्मान दिया गया है और महिलाओं को तो तीस प्रतिशत हिस्सेदारी दी गई है। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी गठन के समय इस बात का विशेष ध्यान रखा गया है कि पार्टी को समर्पित कार्यकर्ताओं को जरूर स्थान दिया जाये।
उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को सत्ता में शामिल लोगों का संरक्षक शामिल है। यही कारण है कि अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से चले जाते हैं। उन्होंने कहा कि चौ. भूपेंद्र सिंह हुड्डा हरियाणा के मुख्यमंत्री नहीं बल्कि रोहतक व झज्जर के ही मुख्यमंत्री हैं। यही कारण है कि राज्य के अन्य जिलों में विकास के नाम पर एक ईंट भी नहीं लगाई गई है।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक कंवरपाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष उमा शर्मा, जिलाध्यक्ष श्याम सिंह राणा, रोजी मलिक, घनश्याम दास, राकेश त्यागी, रामेश्वर चौहान, अर्जुन पंडित, कर्णदेव कांबोज, मदन चौहान, राजेश सपरा, पवन बिट्टू, विनोद मरवाह, भूपिंद्र चौहान, संगीता सिंगल मुख्य रूप से उपस्थित थे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के लिये धन्यवाद।