बुधवार, 22 दिसंबर 2010

पति व माता-पिता पर ससुरालवालों का हथियारों से हमला

ससुराल में पत्नी व बच्चे को लेने गए पति व उसके माता-पिता पर ससुराल वालों ने तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पति के दो दांत टूट गए जबकि उसकी मां को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने उनके खिलाफ पत्नी की शिकायत पर पति, सास-ससुर के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
निर्मल सिंह ने बताया कि अंबाला के सराफा बाजार निवासी उसके भानजे जतिन की शादी करीब डेढ़ साल पहले बिलासपुर निवासी पूजा वर्मा के साथ हुई थी। पूजा सरकारी स्कूल में अध्यापिका है। शादी के कुछ महीने बाद मायके वाले पूजा को किसी काम से अपने घर ले गए थे लेकिन उसके बाद उन्होंने पूजा को ससुराल वापस नहीं भेजा। जतिन उसे लेने के लिए कई बार अपनी ससुराल भी गया लेकिन उन्होंने पूजा को नहीं भेजा। उनका आरोप है कि पूजा के परिवार वालों ने उसे घर जमाई बनने को कहा था लेकिन उसने मना कर दिया था। करीब तीन महीने पहले पूजा ने एक लड़के को जन्म दिया था। जतिन, अपने मम्मी सुमन लता, पिता दर्शन लाल तथा बिचौलिए अंबाला निवासी बलवंत राय को साथ लेकर पूजा व बच्चे को लेने ससुराल गया था लेकिन उन्होंने पूजा को वापस भेजने से मना कर दिया। निर्मल सिंह का कहना है कि इस दौरान पूजा के पिता प्रेम वर्मा ने अपने परिवार वालों के साथ मिल कर उन पर हमला कर दिया जिसमें जतिन के दो दांत वहीं मां सुमन लता को गंभीर चोट आई जिसे सिविल अस्पताल ले जाया गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे पीजीआई रैफर कर दिया।
उधर पूजा ने थाना बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति जतिन, ससुर दर्शन लाल, सास सुमन लता उसको दहेज के लिए प्रताडि़त करते थे। शादी के कुछ महीने बाद ससुराल वालों ने मारपीट कर उसे घर से बाहर निकाल दिया था। जतिन अपने माता-पिता के साथ घर पर आया और उसे चलने को कहा लेकिन वह उनके साथ नहीं जाना चाहती थी। इस पर जतिन व सास-ससुर ने उसके बच्चे को उससे छीन लिया और उसे साथ ले जाने लगे। लेकिन उसके मायके वालों ने बच्चे को ले जाने नहीं दिया। उनका आरोप है कि ससुराल वालों ने उस पर व पिता पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि थाने में पूजा ने शिकायत की थी इसलिए ससुराल वालों पर दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज किया है। जतिन की तरफ से उन्हें कोई शिकायत नहीं मिली है। जब उनकी शिकायत मिलेगी क्रास केस बना दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणी के लिये धन्यवाद।